Republic Day 2026: दिल्ली में फाइनल रिहर्सल को लेकर ट्रैफिक पर सख्ती, 22 की रात से भारी वाहनों की नो-एंट्री; 26 जनवरी को सुबह 3 बजे से चलेगी मेट्रो

Delhi-Traffic-News-(4)-1768990658473

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस 2026 के भव्य समारोह को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। सड़क, रेल और मेट्रो से लेकर प्राइवेट वाहनों तक कड़ी निगरानी शुरू हो चुकी है। मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह की फाइनल रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जिसके चलते ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं।

22 जनवरी की रात से दिल्ली में भारी वाहनों की नो-एंट्री

फाइनल रिहर्सल को देखते हुए 22 जनवरी की रात से दिल्ली में बड़े व्यवसायिक और मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी जाएगी। यह प्रतिबंध 23 जनवरी को रिहर्सल समाप्त होने के बाद दोपहर में हटेगा। इसके बाद 25 जनवरी की शाम से एक बार फिर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाएगी, जो 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह संपन्न होने तक जारी रहेगी।

दिल्ली की सीमाओं पर बढ़ाई गई नाकेबंदी, हर वाहन की जांच

गणतंत्र दिवस को लेकर दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। बहादुरगढ़ और बादली से लगती दिल्ली की सीमाओं पर झज्जर पुलिस की ओर से नाकेबंदी की जा रही है। दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस दोनों ओर से संयुक्त रूप से वाहनों की सघन जांच की जा रही है। संदिग्ध लोगों और वाहनों पर खास नजर रखी जा रही है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की विशेष तैनाती की गई है। इसके साथ ही होटल, ढाबों, धर्मशालाओं और अतिथि गृहों की भी लगातार जांच की जा रही है।

कब से कब तक लागू रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध

पुलिस के मुताबिक, दिल्ली में होने वाली फुल ड्रेस रिहर्सल और गणतंत्र दिवस परेड के चलते यह अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है। 22 जनवरी की रात 10 बजे से 23 जनवरी की दोपहर तक और फिर 25 जनवरी की रात 10 बजे से 26 जनवरी की दोपहर तक दिल्ली की सीमा में मालवाहक और भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। इस दौरान टीकरी बॉर्डर और झाड़ौदा बॉर्डर समेत अन्य प्रमुख प्रवेश मार्गों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

26 जनवरी को सुबह 3 बजे से चलेंगी मेट्रो ट्रेनें

गणतंत्र दिवस के मौके पर लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने मेट्रो सेवाओं की टाइमिंग में बदलाव किया है। कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड देखने के लिए 26 जनवरी को सभी मेट्रो लाइनों पर सेवाएं सुबह 3 बजे से शुरू होंगी। पिछली बार मेट्रो सुबह 4 बजे से चलाई गई थी।

सुबह 3 बजे से 6 बजे तक मेट्रो ट्रेनें 15-15 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेंगी। इसके बाद पूरे दिन नियमित समय सारिणी के अनुसार मेट्रो का संचालन किया जाएगा। कर्तव्य पथ पहुंचने के लिए उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन प्रमुख स्टेशन रहेगा। डीएमआरसी के प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों को ट्रेनों के अंदर लगातार घोषणाओं के जरिए जानकारी दी जाएगी, ताकि वे सही स्टेशन पर उतरकर आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र