अचानक भूख कम हो जाना कहीं किसी बड़ी बीमारी का इशारा तो नहीं? डॉक्टरों ने बताया कब हो जाएं सतर्क

कुछ लोगों को अचानक पहले जैसी भूख लगनी बंद हो जाती है। अक्सर इसे थकान, मौसम में बदलाव या रूटीन गड़बड़ाने का असर मानकर नजरअंदाज कर दिया जाता है, लेकिन विशेषज्ञ इसे सही आदत नहीं मानते। भूख हमारे शरीर की जरूरतों और अंदरूनी संतुलन का सीधा संकेत होती है। जब शरीर को ऊर्जा की आवश्यकता होती है तो भूख लगना स्वाभाविक प्रक्रिया है। ऐसे में बिना किसी स्पष्ट कारण के लगातार भूख कम लगना शरीर की ताकत, इम्यूनिटी और मानसिक स्थिति पर भी असर डाल सकता है।
समय पर और पर्याप्त मात्रा में भोजन न करने से कमजोरी, चक्कर, चिड़चिड़ापन और काम में मन न लगने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। धीरे-धीरे शरीर कमजोर पड़ने लगता है और रोजमर्रा के काम भी भारी महसूस होने लगते हैं। लंबे समय तक भूख कम रहने से वजन घटने लगता है और पोषण की कमी हो सकती है। इसका असर त्वचा, बालों और नींद की गुणवत्ता पर भी दिखता है। कई बार बिना वजह थकान और सुस्ती बनी रहती है। इसलिए भूख में आए बदलाव को हल्के में लेना नुकसानदेह हो सकता है।
भूख कम लगना किन बीमारियों का संकेत हो सकता है
आरएमएल हॉस्पिटल के मेडिसिन विभाग के डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि के अनुसार, लगातार भूख न लगना कई बार किसी अंदरूनी बीमारी से जुड़ा होता है। पाचन तंत्र से जुड़ी दिक्कतें जैसे गैस, एसिडिटी या पेट में सूजन भूख को प्रभावित कर सकती हैं। थायरॉइड की गड़बड़ी में मेटाबॉलिज्म असंतुलित हो जाता है, जिससे खाने की इच्छा कम हो जाती है। खून की कमी यानी एनीमिया में कमजोरी और थकान के साथ भूख कम लगना आम बात है।
इसके अलावा लीवर या किडनी से जुड़ी समस्याएं, लंबे समय तक रहने वाला संक्रमण या हार्मोनल असंतुलन भी इसका कारण हो सकते हैं। मानसिक कारण जैसे तनाव, डिप्रेशन और एंग्जायटी भी भूख को दबा देते हैं। यदि यह स्थिति लंबे समय तक बनी रहे तो इसे शरीर का चेतावनी संकेत मानकर जांच कराना जरूरी हो जाता है।
भूख बेहतर रखने के लिए क्या करें
भूख को सामान्य बनाए रखने के लिए रोज एक तय समय पर भोजन करने की आदत डालें और बहुत देर तक भूखे न रहें। हल्का, ताजा और पौष्टिक खाना चुनें, जिसमें फल, सब्जियां और पर्याप्त प्रोटीन शामिल हों। तला-भुना और जंक फूड कम से कम लें।

दिनभर पर्याप्त पानी पिएं और नींद पूरी करें। रोज थोड़ी देर टहलना या हल्का व्यायाम पाचन तंत्र को सक्रिय रखता है। तनाव कम करने के लिए योग, ध्यान या अपनी पसंद की किसी गतिविधि को दिनचर्या में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।
डॉक्टर से कब लेना चाहिए परामर्श
यदि भूख कम लगने की समस्या दो से तीन हफ्तों से ज्यादा समय तक बनी रहे, वजन तेजी से घटने लगे, लगातार कमजोरी या चक्कर आने लगें या खाने के बाद उलटी जैसा महसूस हो, तो डॉक्टर से तुरंत मिलना चाहिए। समय पर जांच कराने से सही कारण का पता चल सकता है और किसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो पाता है।
