भारत में चांदी के दाम आसमान पर, जानिए दुनिया में कहां मिलती है सबसे सस्ती सिल्वर और कितनी ला सकते हैं भारत

भारत में चांदी की कीमतें इन दिनों लगातार नए रिकॉर्ड बना रही हैं। जिस तरह पहले सिर्फ सोने को सुरक्षित निवेश माना जाता था, अब चांदी भी निवेशकों की पसंद बनती जा रही है। महंगाई, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और डॉलर की मजबूती के बीच निवेशक सेफ एसेट की तलाश कर रहे हैं, जिसका सीधा असर चांदी की कीमतों पर दिख रहा है। हालात यह हैं कि भारत में चांदी का भाव करीब ढाई लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है, जबकि कुछ साल पहले यही चांदी 90 हजार रुपये प्रति किलो के आसपास मिलती थी। इसी तेजी के बीच लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या दुनिया में कहीं चांदी भारत से सस्ती मिलती है और क्या वहां से चांदी खरीदकर भारत लाई जा सकती है।
दुनिया में सबसे सस्ती चांदी किस देश में मिलती है
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुनिया में सबसे सस्ती चांदी दक्षिण अमेरिकी देश चिली में मिलती है। चिली चांदी उत्पादन के प्रमुख केंद्रों में शामिल है। यहां बड़े पैमाने पर माइनिंग होने की वजह से सप्लाई अधिक रहती है और कीमतें अपेक्षाकृत कम होती हैं। बताया जाता है कि चिली में चांदी भारत के मुकाबले करीब 30 से 40 हजार रुपये प्रति किलो तक सस्ती मिल सकती है।
रूस और चीन भी सस्ती चांदी वाले देश
चांदी सस्ती मिलने वाले देशों में दूसरा नाम रूस का आता है। रूस खनिज संपदा से समृद्ध देश है, जहां स्थानीय उत्पादन ज्यादा होने और अलग टैक्स स्ट्रक्चर के कारण चांदी भारत से लगभग 20 से 30 हजार रुपये प्रति किलो तक सस्ती बताई जाती है।
इसके बाद तीसरे स्थान पर चीन का नाम लिया जाता है। चीन खुद चांदी का बड़ा उत्पादक और उपभोक्ता है। यहां लोकल प्रोडक्शन, कम लागत और टैक्स सिस्टम की वजह से चांदी के दाम भारत के मुकाबले कम रहते हैं।
इन देशों में भी भारत से सस्ती मिल सकती है चांदी
चिली, रूस और चीन के अलावा कुछ अन्य देशों में भी चांदी भारत से सस्ती मिल सकती है। इनमें ऑस्ट्रेलिया, पोलैंड, अर्जेंटीना, बोलीविया, मेक्सिको, पुर्तगाल और संयुक्त राज्य अमेरिका शामिल हैं। हालांकि इन देशों में चांदी की वास्तविक कीमत स्थानीय बाजार दर, टैक्स और सिल्वर की शुद्धता पर निर्भर करती है।

क्या विदेश से चांदी खरीदकर भारत लाई जा सकती है
अगर किसी देश में चांदी सस्ती है तो सवाल उठता है कि क्या वहां से चांदी खरीदकर भारत लाई जा सकती है। इसका जवाब है—हां, लेकिन सीमित मात्रा में और नियमों के तहत। भारत में विदेश से आने वाले यात्रियों को तय सीमा तक ही चांदी लाने की अनुमति होती है और उस पर कस्टम ड्यूटी देनी पड़ती है। बड़ी मात्रा में चांदी लाने पर उसे व्यावसायिक आयात माना जा सकता है, जिससे टैक्स और कानूनी प्रक्रिया बढ़ जाती है। कस्टम नियम समय-समय पर बदलते रहते हैं, इसलिए विदेश यात्रा से पहले आधिकारिक दिशा-निर्देशों की जानकारी लेना जरूरी है।
